CG Bijapur News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक बार फिर नक्सल हिंसा की दर्दनाक घटना सामने आई है। नक्सलियों ने ग्राम पेद्दाकोरमा में 12 ग्रामीणों का अपहरण कर लिया और उन्हें जंगल में ले जाकर तीन ग्रामीणों की बेरहमी से हत्या कर दी। बाकी बचे सात ग्रामीणों के साथ भी नक्सलियों ने बर्बरता से मारपीट की, जिससे इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया है।
घटना बीजापुर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले पेद्दाकोरमा गांव की है। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने 12 ग्रामीणों को अगवा किया और उन्हें अपने साथ जंगल की ओर ले गए। जंगल में ले जाकर तीन ग्रामीणों – जग्गू मोडियाम, अनिल मंडावी और सोमा मोडियाम – की हत्या कर दी गई।
वहीं अन्य 7 ग्रामीणों को नक्सलियों ने बेरहमी से पीटा, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अपहरण और हत्या के पीछे नक्सलियों की मंशा क्या थी, लेकिन माना जा रहा है कि यह घटना कथित रूप से पुलिस से सहयोग करने के शक के चलते की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके के लिए रवाना हो गया है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सर्च ऑपरेशन भी शुरू कर दिया गया है। हालांकि इस घटना ने एक बार फिर से नक्सली गतिविधियों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
