दिल्ली के इंदिरा भवन में आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी छत्तीसगढ़ के जिला अध्यक्षों से संवाद करेंगे. इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहेंगे.
कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद में जुटी है, इसी कड़ी में लगातार बैठकें की जा रही हैं. इससे पहले 27 मार्च को दक्षिण और उत्तर भारत के राज्यों के जिला अध्यक्षों को बुलाया गया था, और अब छत्तीसगढ़, पंजाब समेत हिंदी भाषी राज्यों के जिला अध्यक्षों की बैठक बुलाई गई है.
कांग्रेस इस समय संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की कोशिश कर रही है. लगातार मिली हार के बाद पार्टी नेतृत्व अब जिला अध्यक्षों को और अधिक अधिकार देने और उनकी जिम्मेदारियों को स्पष्ट करने की दिशा में काम कर रहा है.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की योजना पर काम चल रहा है. बैठक में जिला अध्यक्षों को संगठन विस्तार के नए टास्क दिए जा सकते हैं.
भूपेश बघेल ने कहा-‘यह वर्ष हमारा संगठन को मजबूत करने का वर्ष है’
इस बैठक को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, ‘यह वर्ष हमारा संगठन को मजबूत करने का वर्ष है. एक साल के भीतर हम बूथ लेवल तक संगठन को मजबूत करेंगे.
उन्होंने यह भी कहा कि बैठक में संगठन में पावर डिस्ट्रीब्यूशन को बैलेंस करने पर चर्चा हो रही है. राहुल गांधी जिलाध्यक्षों से सीधे संवाद कर रहे हैं और जमीनी स्तर पर कांग्रेस की स्थिति को समझने की कोशिश कर रहे हैं.
