NMDC Recruitment Protest: NMDC भर्ती को लेकर आज बड़ा आंदोलन, 3 जिलों के युवा होंगे शामिल; भारी पुलिस बल तैनात

NMDC Recruitment

NMDC Recruitment Protest: दंतेवाड़ा जिले में NMDC की L1-L2 भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग को लेकर आज 28 नवंबर को बेरोजगार युवा बड़ा आंदोलन करने जा रहे हैं। दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के युवा किरंदुल और बचेली में जुटेंगे। प्रदर्शनकारियों ने NMDC की परियोजनाओं का काम बंद कराने की तैयारी की है।

युवाओं ने बताया कि आंदोलन में बड़ी संख्या में बेरोजगार शामिल होंगे। प्रदर्शन में शामिल होने वाले युवाओं से सुबह 8 बजे किरंदुल और बचेली के फुटबॉल मैदान पहुंचने की अपील की गई है। यहां से आगे की रणनीति के अनुसार आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

भारी पुलिस बल तैनात

आंदोलन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। दंतेवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार खूटे ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की गई है।

प्रदर्शन के दौरान गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन किसी भी तरह की कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधि पर कार्रवाई की जाएगी।

इसके पहले पुलिस ने किरंदुल और बचेली में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है।

 

NMDC ने भी की तैयारी

आंदोलन को देखते हुए NMDC प्रबंधन ने भी सुरक्षा और संचालन व्यवस्था को लेकर तैयारी की है। परियोजना परिसर में राशन सामग्री के साथ पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है, ताकि किसी भी व्यवधान की स्थिति में जरूरी काम प्रभावित न हों।

इसके अलावा परियोजना परिसर में प्रवेश करने वाले रास्तों पर बड़े गेट लगाए गए हैं। इन गेटों के माध्यम से बाहरी लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा।

आदिवासी समाज में अलग-अलग राय

आंदोलन को लेकर आदिवासी समाज के संगठनों में अलग-अलग मत सामने आए हैं। छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष राजाराम वट्टी ने 27 नवंबर को बचेली के एसडीएम और NMDC अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन से असहमति जताई थी।

संगठन का कहना है कि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलना जरूरी है, लेकिन समस्याओं का समाधान बातचीत और संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए। ज्ञापन में आंदोलन के दौरान सरकारी और सार्वजनिक उपक्रमों के कामकाज में बाधा पहुंचने और कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई गई है।

वहीं सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष सुरेश कर्मा ने आंदोलन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं के रोजगार का मुद्दा गंभीर है और उनका संगठन युवाओं के साथ खड़ा है। वे खुद 28 नवंबर को किरंदुल-बचेली पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे।

मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी

स्थानीय बेरोजगार युवा संगठन ने कहा है कि NMDC भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा की तारीख को लेकर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। युवाओं का कहना है कि स्थानीय लोगों को रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए।

आज होने वाले प्रदर्शन में तीनों जिलों से बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की संभावना है। प्रशासन और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *