CG Sports News: जगदलपुर के कुम्हरावंड स्थित शहीद गुंडाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में 28 नवंबर से तीन दिवसीय अंतर-क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के 40 कृषि महाविद्यालयों के करीब 200 छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। पांच जोन की टीमें 17 खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता का समापन 30 नवंबर को होगा। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे कई शिक्षाविद
प्रतियोगिता का उद्घाटन 28 नवंबर को सुबह 11 बजे महाविद्यालय परिसर में होगा। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय जगदलपुर के कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव मुख्य अतिथि होंगे। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आरएस नेताम करेंगे।
समारोह में अंबिकापुर कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. संतोष कुमार सिन्हा, बिलासपुर के डॉ. एसएल स्वामी, भाटापारा के डॉ. एचएल सोनबोइर, साजा-बेमेतरा के डॉ. ललित रामटेके तथा परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र जगदलपुर के सह संचालक अनुसंधान डॉ. एके ठाकुर भी उपस्थित रहेंगे।
17 खेलों में होंगे मुकाबले
आयोजन सचिव एवं क्रीड़ा प्रभारी डॉ. आरआर कंवर ने बताया कि प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस और बैडमिंटन सहित कुल 17 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
एथलेटिक्स में 100, 200, 400, 800 और 1500 मीटर दौड़ के साथ हाई जंप और लॉन्ग जंप की स्पर्धाएं भी होंगी। वहीं बैडमिंटन में सिंगल और डबल दोनों वर्गों के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के निष्पक्ष संचालन के लिए शासकीय विद्यालयों के 10 अनुभवी रेफरियों की ड्यूटी लगाई गई है।
40 कॉलेजों की 5 जोनल टीमें लेंगी हिस्सा
प्रतियोगिता में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के दक्षिण, उत्तर, पूर्व, पश्चिम और मध्य क्षेत्र की टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें 29 शासकीय और 11 निजी कृषि महाविद्यालयों के चयनित खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न जिलों से टीमों का जगदलपुर पहुंचना शुरू हो गया है।
खिलाड़ियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं
आयोजन समिति ने बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की है। खेल मैदानों को भी प्रतियोगिता के अनुरूप तैयार किया गया है। 3 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न खेलों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

