CG Creator Influencer Award 2026: रायपुर में 25 नवंबर 2026 को आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एवं इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 को लेकर आयोजक स्टार पीआर एजेंसी ने स्पष्टीकरण जारी किया है। आयोजक ने स्पष्ट किया है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह निजी स्तर पर आयोजित किया गया था और इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन से किसी भी प्रकार का वित्तीय सहयोग नहीं लिया गया था।
आयोजक के अनुसार, होटल बेबीलोन इंटरनेशनल रायपुर में आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के कंटेंट निर्माताओं को एक मंच उपलब्ध कराना, उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए अवसर प्रदान करना और उनके कार्यों व उपलब्धियों को सम्मानित करना था।
शासन से नहीं लिया गया आर्थिक सहयोग
स्टार पीआर एजेंसी ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन कंपनी द्वारा पूरी तरह निजी स्तर पर किया गया था। इसके लिए शासन से किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं ली गई। कार्यक्रम में सहयोगी के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के प्रतीक चिह्न का उपयोग किया गया था। साथ ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स से संवाद के लिए आमंत्रित किया गया था।
आयोजकों ने पुरस्कार चयन प्रक्रिया को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। उनका कहना है कि विजेताओं के चयन के लिए पहले से निर्धारित पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई गई थी। इसकी जानकारी आयोजन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई थी।
चयन प्रक्रिया में सार्वजनिक मतदान को 30 प्रतिशत और निर्णायक मंडल के मूल्यांकन को 70 प्रतिशत महत्व दिया गया था। दोनों माध्यमों से प्राप्त अंकों के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। मतदान और चयन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भी वेबसाइट पर साझा की गई थी।
कुछ प्रतिभागियों तक जानकारी नहीं पहुंच पाई
आयोजक संस्था ने कहा कि चयन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी सभी प्रतिभागियों तक अपेक्षित रूप से नहीं पहुंच पाई, जिसके कारण कुछ लोगों में असंतोष की स्थिति बनी। कुछ प्रतिभागियों ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
संस्था ने कहा कि भविष्य में इस तरह की जानकारियों को सभी प्रतिभागियों तक पहुंचाने के लिए और बेहतर व्यवस्था की जाएगी।
कार्यक्रम समय को लेकर भी दिया जवाब
कार्यक्रम के समय को लेकर उठे सवालों पर आयोजकों ने बताया कि आयोजन तय समय-सारिणी के अनुसार ही हुआ था। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 2 बजे हुई। इसके बाद पैनल चर्चा, मुख्यमंत्री के साथ संवाद कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम के संचालन में समय संबंधी कोई बड़ी समस्या नहीं थी, हालांकि कुछ व्यवस्थागत कारणों से कुछ लोगों को असुविधा हुई।
चार पुरस्कार श्रेणियों में नहीं हुआ चयन
पुरस्कार राशि को लेकर सामने आई चर्चाओं पर भी आयोजक संस्था ने स्थिति स्पष्ट की है। संस्था के मुताबिक कुल 62 पुरस्कार श्रेणियों में से 4 श्रेणियों में आधिकारिक पंजीयन या नामांकन प्राप्त नहीं हुआ था।
इनमें एक पीपल चॉइस अवॉर्ड और तीन उप श्रेणियां शामिल थीं। नामांकन नहीं होने के कारण इन श्रेणियों में विजेताओं का चयन नहीं किया गया और पुरस्कार राशि जारी नहीं की गई।
वहीं, अन्य सभी पुरस्कार श्रेणियों के विजेताओं की घोषणा मंच से की गई थी और उनके द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक विवरण के आधार पर पुरस्कार राशि का भुगतान कर दिया गया है।
स्टार पीआर एजेंसी ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ के कंटेंट निर्माताओं को पहचान दिलाना, उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा का सम्मान करना था।
आयोजकों ने कहा कि प्राप्त सुझावों और अनुभवों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में इस आयोजन को और बेहतर, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने का प्रयास किया जाएगा। उनका विश्वास है कि यह पहल प्रदेश में एक मजबूत रचनाकार समुदाय के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

