CG Teacher Bad Touch: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक निजी स्कूल के म्यूजिक टीचर पर 11 साल की छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा के साथ गलत हरकत की। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र का है।
सिर दर्द होने पर आखिरी बेंच पर बैठी थी छात्रा
दल्लीराजहरा पुलिस के अनुसार, घटना 5 अक्टूबर की है। 5वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा उस दिन स्कूल गई थी। दोपहर के समय सिर दर्द होने पर वह कक्षा के आखिरी बेंच पर अकेली बैठी थी।
आरोप है कि इसी दौरान म्यूजिक टीचर वहां पहुंचा और छात्रा को अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना के बाद छात्रा रोते हुए दूसरे शिक्षकों के पास पहुंची और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी।
परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज
छात्रा की बात सुनने के बाद स्कूल के शिक्षकों ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने 20 नवंबर को दल्लीराजहरा थाने में आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी निजी स्कूल में म्यूजिक टीचर के रूप में काम करता था।
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
दल्लीराजहरा थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 20 नवंबर को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 9(एफ), 10 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


