CG Murder: सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रवई में धान की रखवाली को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मां के साथ मारपीट और गंभीर चोट लगने से नाराज बेटे ने एक ग्रामीण पर टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को जम्हीर कोरवा ने गांव की महिला बयालो कोरवा को धान की रखवाली के लिए चउरपानी चलने को कहा था। बयालो ने बताया कि आधार कार्ड और राशन कार्ड के केवाईसी संबंधी काम के कारण वह अन्य महिलाओं के साथ नहीं जा सकी। इसी बात को लेकर देर रात दोनों के बीच विवाद हो गया।
मां को घायल देख बेटे का फूटा गुस्सा
विवाद के दौरान जम्हीर कोरवा ने अपने हाथ में पहने कड़े से बयालो कोरवा के सिर पर वार कर दिया। वार लगने से उसकी बाईं आंख के ऊपर गहरी चोट आई और खून बहने लगा। मां को घायल हालत में देखकर उसका बेटा छंदना उर्फ छन्ना कोरवा आक्रोशित हो गया।
बताया जा रहा है कि छंदना ने पास के घर से टांगी उठाई और जम्हीर कोरवा के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से जम्हीर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
आरोपी फरार
वारदात के बाद आरोपी छंदना कोरवा टांगी घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
धौरपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उसकी तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

