CG Online TC Service: धमतरी जिले में विद्यार्थियों को स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) प्राप्त करने के लिए अब स्कूलों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने टीसी जारी करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की तैयारी शुरू कर दी है।
इसके लिए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से स्थानांतरण प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को लेकर जिले के सभी संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों को प्रशिक्षण दिया गया। मुख्यमंत्री की मंशा और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर निलेश कुमार जांगड़े ने प्राचार्यों को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी दी।
ऑनलाइन आवेदन से आसान होगी प्रक्रिया
प्रशिक्षण के दौरान प्राचार्यों को सेवा सेतु पोर्टल पर स्थानांतरण प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने, प्रमाण पत्र जारी करने, आवश्यक अनुमोदन और पोर्टल संचालन की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।
अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद टीसी जारी करने की प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हो जाएगी। विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रमाण पत्र लेने के लिए बार-बार स्कूल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
डिजिटल व्यवस्था से बढ़ेगी पारदर्शिता
ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने से विद्यालयों में दस्तावेजों का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा। साथ ही शासकीय सेवाओं में डिजिटल प्रणाली का प्रभावी उपयोग बढ़ेगा।
प्रशिक्षण में ऑनलाइन व्यवस्था के संचालन के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान की जानकारी भी दी गई, ताकि व्यवस्था लागू होने के बाद विद्यालयों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की इस पहल से जिले के स्कूलों में डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। स्थानांतरण प्रमाण पत्र जैसी जरूरी शैक्षणिक सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों का समय और मेहनत दोनों बचेंगे।

