Raipur Rape: रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर में फुटपाथ पर रहने वाली ढाई साल की बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्ची अपनी मां और बड़ी बहन के साथ स्टेशन परिसर में रहती थी। गुरुवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मां उसे आंबेडकर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताते हुए हंगामा किया। मां ने बच्ची के सौतेले पिता पर शक जाहिर किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
स्टेशन परिसर में रहती थी मां और बेटियां
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से भिलाई निवासी 25 वर्षीय महिला अपनी छह साल और ढाई साल की बेटियों के साथ रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर में रहती थी। वह भीख मांगकर परिवार का गुजारा करती है।
कुछ महीने पहले स्टेशन परिसर में उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी। इसके बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली थी। बुधवार शाम तक बच्ची पूरी तरह स्वस्थ थी, लेकिन गुरुवार सुबह अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई।
प्राइवेट पार्ट में सूजन
बच्ची की मां ने आरोप लगाया है कि बच्ची के प्राइवेट पार्ट में सूजन थी। उसने आशंका जताई कि बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की गई है। महिला ने रेलवे पुलिस में शिकायत कर कार्रवाई नहीं होने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
इलाज के दौरान हुई मौत
आंबेडकर अस्पताल के पीडियाट्रिक विभागाध्यक्ष डॉ. ओंकार खंडवाल के अनुसार, बच्ची को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। उसकी हार्ट रेट काफी कम थी।
डॉक्टरों ने बच्ची को सीपीआर और आवश्यक दवाएं देकर वेंटिलेटर पर रखा। करीब दो घंटे बाद उसकी हालत फिर बिगड़ गई। दोबारा सीपीआर देने के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची की मौत गंभीर डिहाइड्रेशन के कारण हुई है।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची की मौत के बाद शुरुआती स्तर पर परिजनों ने किसी तरह का संदेह नहीं जताया था। बाद में उन्होंने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए दुष्कर्म की आशंका जताई और पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला सामान्य मौत जैसा लग रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों को देखते हुए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और दुष्कर्म की आशंका की पुष्टि हो सकेगी।

