Raipur Tulsi Vivah: रायपुर के राम मंदिर में आज से तुलसी विवाह महोत्सव, 65 शालिग्राम की निकलेगी बारात

Tulsi Vivah

Raipur Tulsi Vivah: राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर में शुक्रवार से दो दिवसीय सामूहिक एकादशी उद्यापन एवं तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव शुरू होगा। आयोजन में 65 शालिग्राम की विशेष पूजा की जाएगी। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के अलग-अलग शहरों से पहुंचने वाले 65 यजमान जोड़े शालिग्राम का पूजन करेंगे।

महोत्सव के दौरान शाम को बाजे-गाजे के साथ भगवान शालिग्राम की बारात निकाली जाएगी। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह संपन्न कराया जाएगा। यह आयोजन वनबंधु परिषद महिला समिति रायपुर की ओर से किया जा रहा है।

पहले दिन होंगे कई धार्मिक अनुष्ठान

समिति की मीडिया प्रभारी कविता राठी और प्रदेश उपाध्यक्ष अनिता खंडेलवाल ने बताया कि मुख्य आचार्य पंडित हरीश मिश्रा के मार्गदर्शन में सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे उत्तर पूजा के साथ होगी।

इसके बाद देवी-देवताओं का पूजन, हल्दी की रस्म और एकादशी व्रत कथा का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए पूरे आयोजन में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों की व्यवस्था की गई है।

27 ब्राह्मण जोड़ों का होगा सम्मान

समिति अध्यक्ष कांता सिंघानिया और सचिव सरिता रखनी ने बताया कि दूसरे दिन शनिवार को गोदान, हवन और पूर्णाहुति का आयोजन होगा। इसके बाद 27 ब्राह्मण जोड़ों का पूजन कर उन्हें भोजन कराया जाएगा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें करीब एक हजार श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।

आयोजन की तैयारियां पूरी

कार्यक्रम प्रभारी त्रिवेणी अग्रवाल और मीना अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार शाम तक महोत्सव से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को सजाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *