CG Board Time Table: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और हायर सेकंडरी मुख्य परीक्षा का टाइम टेबल जारी कर दिया है। 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेंगी, जबकि 10वीं की परीक्षा 13 मार्च से शुरू होकर 5 अप्रैल तक आयोजित होगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएंगी।
मंडल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 12वीं कक्षा की पहली परीक्षा 12 मार्च को हिंदी विषय की होगी। वहीं 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों की शुरुआत तृतीय भाषा के प्रश्न पत्र से होगी। परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट http://www.cgbse.nic.in पर उपलब्ध कराई गई है।
12वीं की परीक्षा 12 मार्च से 8 अप्रैल तक
हायर सेकंडरी परीक्षा में 12 मार्च को हिंदी, 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र और लेखा शास्त्र की परीक्षा होगी। 17 मार्च को संस्कृत, 19 मार्च को जीव विज्ञान और अर्थशास्त्र का पेपर आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित और कंप्यूटर एप्लीकेशन, जबकि 31 मार्च को अंग्रेजी की परीक्षा होगी। अप्रैल महीने में 3 अप्रैल को इतिहास और व्यवसाय अध्ययन, 5 अप्रैल को भूगोल और भौतिक शास्त्र तथा 8 अप्रैल को मनोविज्ञान विषय की परीक्षा होगी।
10वीं की परीक्षा 13 मार्च से होगी शुरू
हाईस्कूल परीक्षा की शुरुआत 13 मार्च को तृतीय भाषा के पेपर से होगी। इसमें संस्कृत, मराठी, उर्दू सहित अन्य भाषाएं शामिल हैं। इसके बाद 16 मार्च को अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान और 20 मार्च को विज्ञान की परीक्षा होगी।
वहीं 25 मार्च को हिंदी और 30 मार्च को गणित का पेपर होगा। 1 अप्रैल को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें रिटेल, आईटी और हेल्थ केयर जैसे विषय शामिल हैं। 5 अप्रैल को दृष्टिहीन और मूक-बधिर विद्यार्थियों के विशेष विषयों की परीक्षा होगी।
सुबह 9 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा
मंडल के निर्देश के अनुसार, परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। सुबह 9:05 बजे उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा और 9:10 बजे प्रश्न पत्र दिए जाएंगे। इसके बाद 9:15 बजे से विद्यार्थी उत्तर लिखना शुरू कर सकेंगे।
प्रायोगिक परीक्षाएं छुट्टी के दिन भी हो सकती हैं
स्वाध्यायी विद्यार्थियों की प्रायोगिक और प्रोजेक्ट परीक्षाएं संबंधित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर ये परीक्षाएं अवकाश के दिनों में भी कराई जा सकती हैं। मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि के दौरान यदि कोई सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित होता है, तब भी परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।
मंडल ने कहा है कि किसी विशेष परिस्थिति में परीक्षा की तारीख या समय में बदलाव की जरूरत पड़ने पर इसकी सूचना अलग से जारी की जाएगी।



