Raipur Pandri kapda Market: पंडरी के कपड़ा शोरूम में लाखों की चोरी, व्यापारियों में दहशत

रायपुर: राजधानी रायपुर के पंडरी कपड़ा मार्केट में स्थित प्रसिद्ध श्री शिवम कपड़ा शोरूम में लाखों रुपये की चोरी की वारदात सामने आई है, जिससे व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।

 

बैंक बंद रहने से दुकान में था कैश

शोरूम के मालिक के अनुसार, रविवार और सोमवार को बैंक अवकाश होने के कारण कैश दुकान में ही रखा गया था। मंगलवार को जब कैश का मिलान किया गया, तो लगभग 20 लाख रुपये कम पाए गए। चोरी की आशंका व्यक्त करते हुए शोरूम मालिक ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

CCTV में नहीं मिला कोई फुटेज 

शोरूम में कुल दो दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि किसी भी कैमरे में रात का फुटेज नहीं मिला। जब पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में शोरूम मालिक से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि रात के समय भीतर के कैमरे बंद कर दिए जाते हैं। इस खुलासे से पुलिस भी हैरान है।

 

कैश काउंटर से लाखों रुपये गायब हैं, लेकिन दिन के फुटेज में कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई। पुलिस को संदेह है कि चोरी रात के समय हुई होगी। फिलहाल पुलिस सर्विलांस फुटेज, कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड्स से पूछताछ कर मामले को सुलझाने में जुटी है।

 

कारोबारी जगत में मची हलचल

श्री शिवम कपड़ा शोरूम में हुई इतनी बड़ी चोरी से पूरे कारोबारी जगत में हलचल मच गई है। चूंकि यह शोरूम शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक में स्थित है, जहां रातभर ट्रैफिक और सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी रहती है, पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही कोई सुराग मिलेगा और आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।

 

पुलिस ने की अपील

पुलिस ने आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से सतर्क रहने की जरूरत है और व्यापारियों को अपनी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की सलाह दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *