CG Elephant Rescue: 19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी पकड़ा गया, 17 हाथियों के झुंड में हो गया था शामिल

kabra hathi

CG Elephant Rescue: छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले 6 महीने से दहशत का कारण बने कबरा हाथी को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। बुधवार को रामगढ़ इलाके में कड़ी मशक्कत के बाद उसे ट्रैंकुलाइज किया गया। 2 कुमकी हाथियों की मदद से टीम कबरा हाथी तक पहुंची। अब उसे रेडियो कॉलर लगाने के बाद रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है।

कबरा हाथी पिछले 6 महीने में 19 लोगों की मौत का कारण बन चुका है। बाद में वह 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था। झुंड के साथ रहने के कारण उसे पकड़ना वन विभाग के लिए चुनौती बना हुआ था। टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

रामगढ़ में कुमकी हाथियों की मदद से पकड़ा गया

वन विभाग की टीम कई दिनों से कबरा हाथी को पकड़ने के प्रयास में जुटी थी। मंगलवार रात हाथियों का दल सरमा-चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में घूम रहा था।

इससे पहले सोमवार को भी कुमकी हाथियों की मदद से कबरा हाथी को पकड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन ट्रैंकुलाइजर गन का निशाना सही नहीं लग पाने के कारण सफलता नहीं मिली थी।

बुधवार सुबह हाथियों का झुंड रामगढ़ पहाड़ी के नीचे पहुंचा। इसके बाद वन विभाग की टीम कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ के साथ मौके पर पहुंची। वन्यजीव चिकित्सक कुमकी हाथी पर बैठकर कबरा हाथी के करीब पहुंचे और ट्रैंकुलाइजर गन से उसे बेहोश किया। डॉट लगने के बाद कबरा हाथी कुछ समय में बेहोश हो गया। इसके बाद टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से बांध लिया।

रेडियो कॉलर लगाकर भेजा जाएगा रेस्क्यू सेंटर

कबरा हाथी को पकड़ने के दौरान उसके साथ झुंड के अन्य हाथी भी मौजूद थे। उन्हें दूर हटाने के बाद रेस्क्यू की कार्रवाई पूरी की गई। अब कबरा हाथी को रेडियो कॉलर लगाया जाएगा, जिससे उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

सीसीएफ वाइल्ड लाइफ प्रणय मिश्रा ने बताया कि कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज कर लिया गया है। आगे की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा।

करीब 5 दिनों की लगातार कोशिशों के बाद कबरा हाथी को पकड़ने में मिली सफलता से सरगुजा और सूरजपुर क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *