CG Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक जारी है । नवंबर महीने में यह मंत्रिपरिषद की पहली बैठक है। बैठक में विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र की तैयारियों समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। कई अहम प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की संभावना है।
धान खरीदी और कृषक विकास योजना पर होगी चर्चा
कैबिनेट बैठक में प्रदेश में चल रही धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा की जा सकती है। साथ ही छत्तीसगढ़ कृषक विकास योजना के उद्देश्यों और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी मंत्रिमंडल विचार-विमर्श करेगा। किसानों से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए जा सकते हैं।
शीतकालीन सत्र और विधेयकों पर रहेगा फोकस
बैठक में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के एजेंडे को अंतिम रूप देने पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से जुड़े विधेयकों के प्रारूप और विधानसभा में पेश किए जाने वाले अन्य संशोधन विधेयकों को भी मंत्रिमंडल की मंजूरी मिल सकती है।
डीएड अभ्यर्थियों की उम्मीदें बढ़ीं
हाल ही में मंत्री बंगले के सामने प्रदर्शन करने वाले डीएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों की नजर भी आज की कैबिनेट बैठक पर टिकी हुई है। अभ्यर्थियों ने सहायक शिक्षक के 2300 पदों पर भर्ती को मंजूरी देने की मांग की है। ऐसे में इस मुद्दे पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
पिछली बैठक में हुए थे कई बड़े फैसले
पिछली कैबिनेट बैठक में मंत्रिमंडल ने 19 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी थी। इनमें शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने का निर्णय प्रमुख रहा। नई व्यवस्था के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में कर्मचारियों को बिना अग्रिम भुगतान के इलाज की सुविधा मिलेगी। उपचार की स्वीकृति और दावा प्रक्रिया भी पूरी तरह ऑनलाइन की जाएगी, जिससे कर्मचारियों को समय पर इलाज और आर्थिक राहत मिल सकेगी।


