CG Anganwadi Workers Protest: छत्तीसगढ़ में आज से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन शुरू, काली साड़ी पहन मनाएंगी काला दिवस

CG Anganwadi Workers Protest

CG Anganwadi Workers Protest: छत्तीसगढ़ में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। प्रदेशभर में 17 से 19 नवंबर तक अलग-अलग तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन के दौरान कार्यकर्ता नुक्कड़ नाटक, थाली-चम्मच बजाकर प्रदर्शन और काली साड़ी पहनकर काला दिवस मनाते हुए सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करेंगी।

3 दिन अलग-अलग तरीके से होगा प्रदर्शन

आंदोलन के पहले दिन 17 नवंबर को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अपनी समस्याओं और मांगों को जनता के सामने रखेंगी। दूसरे दिन 18 नवंबर को थाली-चम्मच बजाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं 19 नवंबर को कार्यकर्ता काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाएंगी।

नियमितीकरण और मानदेय बढ़ाने की प्रमुख मांग

आंदोलनरत कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण कर शासकीय कर्मचारी का दर्जा देना और मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये करना शामिल है। इसके अलावा 5जी मोबाइल उपलब्ध कराने, इंटरनेट भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिमाह करने तथा पदोन्नति की व्यवस्था लागू करने की भी मांग की जा रही है।

मांगें नहीं मानी गईं तो होगा महापड़ाव

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो 11 और 12 दिसंबर को प्रांतीय महापड़ाव आयोजित किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की रणनीति बनाई जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *