CG Dhan Kharidi 2026: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रदेश के 33 जिलों के 1,606 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। अब तक राज्य में 1 लाख 98 हजार 364.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान धरमजयगढ़ में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की मौजूदगी में धान खरीदी का शुभारंभ किया था। इस वर्ष राज्य सरकार ने किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने की व्यवस्था की है।
किसानों को मिलेगी पूरी आदान सहायता
किसानों के हित में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी।
सरकार के अनुसार कई बार कम उत्पादन या अन्य परिस्थितियों के कारण किसान पूरी निर्धारित मात्रा में धान नहीं बेच पाते हैं। ऐसे किसानों को भी उनके सत्यापित रकबे के आधार पर सहायता राशि का पूरा लाभ मिलेगा। उदाहरण के तौर पर यदि कोई किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है तो शेष 6 क्विंटल के बराबर की आदान सहायता राशि भी उसे प्रदान की जाएगी।
प्रदेश में 3,095 उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था
धान खरीदी के लिए प्रदेश में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राज्य सरकार ने करीब 27 लाख 50 हजार किसानों से धान खरीदी का लक्ष्य रखा है। प्रदेश के 33 जिलों में कुल 3,095 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं।
15 नवंबर 2026 तक 2,805 केंद्रों में टोकन जारी किए जा चुके हैं, जबकि 1,606 केंद्रों में खरीदी शुरू हो गई है। अब तक खरीदे गए धान में 1,10,979.20 क्विंटल मोटा धान, 80,489.60 क्विंटल पतला धान और 6,896 क्विंटल सरना धान शामिल है।
धान खरीदी में राजनांदगांव और बालोद आगे
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव और बालोद जिले में धान खरीदी सबसे तेज गति से चल रही है। राजनांदगांव जिले में 122 उपार्जन केंद्रों में सभी केंद्रों पर टोकन जारी किए जा चुके हैं और 115 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। यहां अब तक 26,464.40 क्विंटल धान खरीदा गया है।
बालोद जिले में 161 उपार्जन केंद्रों में सभी केंद्रों पर टोकन जारी हुए हैं और 123 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। यहां अब तक 24,676 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है।
महासमुंद जिले में 202 केंद्रों में से 201 केंद्रों में टोकन जारी किए गए हैं और 176 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। यहां 20,444.80 क्विंटल धान खरीदा गया है। धमतरी जिले में 19,829.20 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है।
बस्तर से सरगुजा तक खरीदी जारी
प्रदेश के सभी संभागों में धान खरीदी की प्रक्रिया जारी है। बस्तर संभाग के कांकेर, कोंडागांव, बस्तर, नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में भी उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान खरीदा जा रहा है।
कांकेर जिले में अब तक 3,220.40 क्विंटल, कोंडागांव में 3,888.40 क्विंटल और बस्तर जिले में 474 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। वहीं बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, कोरबा, रायगढ़, सरगुजा और अन्य जिलों में भी खरीदी की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं।
रायगढ़ में 85 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन
रायगढ़ जिले में किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष धान उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 112 कर दी गई है। जिले में 85,501 किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। इन किसानों का पंजीकृत रकबा 1,21,690.325 हेक्टेयर है।
धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने और अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में 20 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। यहां तीन पालियों में चौबीस घंटे निगरानी की जा रही है। इसके अलावा तहसील स्तर पर उड़नदस्ता दल भी बनाए गए हैं।
राज्य सरकार का कहना है कि धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया जा रहा है। समय पर टोकन जारी करने, 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के तहत सहायता राशि देने से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।




