CG Elephant Attack: 19 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी को पकड़ना नामुमकिन, नर हाथी से लड़ाई कर खदेड़ा; 17 स्कूल बंद

kabra hathi

CG Elephant Attack: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और सरगुजा जिले में दहशत का कारण बने कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। शनिवार को दूसरे दिन भी टीम हाथी की तलाश में जुटी रही, लेकिन शुक्रवार को उसे पकड़ने की कोशिश सफल नहीं हो सकी।

वन विभाग के अनुसार, इसी हाथी ने पिछले 6 महीने में 19 लोगों की जान ले ली है। नवंबर महीने में ही हाथी के हमले में 9 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार रात कबरा हाथी सायर के जंगल में 17 हाथियों के दल में शामिल हो गया। इस दौरान उसकी एक नर हाथी से पूरी रात लड़ाई हुई। कबरा हाथी ने नर हाथी को दल से बाहर कर खुद झुंड में जगह बना ली।

अब झुंड में शामिल होने के कारण उसे पकड़ना और मुश्किल हो गया है। हाथी के खतरे को देखते हुए आसपास के 17 स्कूलों में शनिवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है।

नर हाथी को खदेड़कर झुंड में शामिल हुआ कबरा

वन विभाग के मुताबिक, शुक्रवार रात सायर जंगल में कबरा हाथी का एक नर हाथी से संघर्ष हुआ। दोनों के बीच काफी देर तक लड़ाई चलती रही। इसके बाद कबरा हाथी ने नर हाथी को झुंड से बाहर कर दिया और खुद हाथियों के दल में शामिल हो गया। शनिवार सुबह हाथियों का दल कुसुवामुड़ा जंगल की ओर पहुंच गया। वन विभाग की टीम अब इसी इलाके में हाथी की निगरानी कर रही है।

दो कुमकी हाथियों के साथ चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

कबरा हाथी के लगातार हमलों को देखते हुए उसे पकड़कर रेस्क्यू सेंटर भेजने की अनुमति दी गई है। शुक्रवार को वन विभाग की टीम दो कुमकी हाथियों के साथ उदयपुर पहुंची थी, लेकिन कबरा हाथी सायर जंगल से बाहर नहीं निकला, जिसके कारण अभियान सफल नहीं हो पाया।

शनिवार को टीम कुसुवामुड़ा जंगल पहुंची और कुमकी हाथियों की मदद से तलाश शुरू की गई। हाथी के नजर आते ही उसे बेहोश कर पकड़ने की तैयारी है। इसके लिए वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर मौजूद है।

दो महिलाओं की मौत के बाद लिया गया फैसला

वन विभाग ने पहले कबरा हाथी को रेडियो कॉलर लगाने की योजना बनाई थी। लेकिन प्रेमनगर और उदयपुर क्षेत्र में हाथी के हमले में दो महिलाओं की मौत और एक महिला के घायल होने के बाद उसे पकड़कर रेस्क्यू सेंटर भेजने का फैसला लिया गया।

17 स्कूलों में छुट्टी, ड्रोन से निगरानी

कबरा हाथी के झुंड में शामिल होने के बाद आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। शिक्षा विभाग ने सायर, कुदर बसवार, सत्तीमुड़ा, कुमडेवा और सुखरीभंडार सहित आसपास के 17 स्कूलों में छुट्टी घोषित की है।

वन विभाग की टीम ड्रोन के जरिए हाथियों के दल की निगरानी कर रही है। पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *