CG Cyber Crime: दुर्ग जिले में साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 14 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी कमीशन के लालच में अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें 5 हजार से 15 हजार रुपए तक की रकम मिलती थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम और मोबाइल फोन सहित अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस अब इन खातों से हुए संदिग्ध लेन-देन और साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
जामुल, पद्मनाभपुर और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जामुल और पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने एसीसीयू के साथ मिलकर कार्रवाई की।
पुलिस ने बैंक खातों की जांच, तकनीकी जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में पता चला कि इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम जमा करने और उसे आगे भेजने के लिए किया जा रहा था।
कमीशन के लालच में ठगों को देते थे खाते
पुलिस जांच में सामने आया कि साइबर ठग लोगों से ठगी करने के बाद रकम इन बैंक खातों में जमा कराते थे। इसके बाद पैसों को कई खातों में ट्रांसफर कर असली स्रोत छिपाने की कोशिश की जाती थी।
आरोपियों ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते और अन्य लोगों के खाते एजेंटों के माध्यम से साइबर अपराधियों तक पहुंचाए थे। पुलिस को संबंधित खातों से लाखों रुपए के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली है।
जामुल में 3 और पद्मनाभपुर में 11 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार जामुल थाना क्षेत्र के मामले में तीन खाताधारकों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें मनोज यादव (49), प्रदीप कुमार (61) और अक्षय राज (30) शामिल हैं।
वहीं पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के मामले में 11 लोगों को पकड़ा गया है। इनमें 9 खाताधारक और 2 एजेंट शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में महेश महानंद (42), उपेन्द्र सिंह (28), संतोष कुमार सोनी (37), कुंदन कुमार (32), सुमित कुमार सिंह (30), लोकेश बघेल (26), मोहन मांझी (35), अंकित डोगरे (29), आशुतोष तांडी (28), हेमा सिन्हा और सरस्वती ठाकुर शामिल हैं।
बैंक दस्तावेज और मोबाइल सिम जब्त
पुलिस ने जांच के दौरान जामुल क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा और पद्मनाभपुर क्षेत्र के एक्सिस बैंक से जुड़े खातों का इस्तेमाल पाए जाने की जानकारी दी है।
आरोपियों के पास से अलग-अलग बैंकों की पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस अब साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।


