CG Dhan Kharidi 2026: छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी में किसानों को बड़ी राहत दी गई है। इस बार पंजीकृत किसानों के लिए प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है। अब किसान अगर एक क्विंटल धान भी बेचता है, तो उसे प्रति एकड़ 21 क्विंटल के हिसाब से ही बोनस राशि मिलेगी। यानी कम मात्रा में धान बेचने पर भी बोनस में कटौती नहीं होगी।
राज्य सरकार किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता राशि दे रही है। हाल ही में चक्रवाती तूफान अर्नब से प्रदेश के कई क्षेत्रों में धान की फसल को नुकसान पहुंचा था। ऐसे समय में सरकार के इस फैसले से किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। इस योजना का लाभ प्रदेश के 27.50 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा।
धान खरीदी के लिए समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल
खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सरकार ने धान खरीदी का समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। इसमें केंद्र सरकार का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपए प्रति क्विंटल शामिल है। वहीं अंतर की 659 रुपए की राशि राज्य सरकार द्वारा बोनस के रूप में दी जाएगी।
सरकार ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का मानक तय किया है। कृषि विभाग द्वारा जारी नीति के अनुसार पतले और खुशबूदार धान की खरीदी 2461 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। यानी इस श्रेणी के धान पर किसानों को प्रति क्विंटल 20 रुपए अधिक मिलेंगे।
रकबे का सत्यापन जरूरी
धान खरीदी सहकारी समितियों के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए किसानों का एग्री-स्टैक में पंजीयन होना जरूरी है। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे में धान बोए गए रकबे का दर्ज और सत्यापित होना अनिवार्य रहेगा।
किसान के खाते में कितनी राशि आएगी
एक एकड़ में धान की खेती करने वाले किसान को 21 क्विंटल तक धान बेचने की पात्रता होगी। यदि किसान केवल 1 क्विंटल धान भी बेचता है, तब भी उसे एक एकड़ के हिसाब से 13,839 रुपए बोनस राशि मिलेगी। इसके अलावा 2441 रुपए प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य के आधार पर राशि जोड़ने पर किसान के खाते में कुल 16,280 रुपए तक आएंगे।
0.8 एकड़ में धान बोने वाले किसान को 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से अधिकतम 16.8 क्विंटल धान बेचने की पात्रता होगी। यदि किसान 15 क्विंटल धान बेचता है, तो उसे 0.8 एकड़ के हिसाब से 11,071.20 रुपए बोनस मिलेगा। वहीं समर्थन मूल्य की राशि 36,615 रुपए जोड़ने पर कुल 47,686.20 रुपए प्राप्त होंगे।



