CG Power Company Vacancy: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर सामने आया है। प्रदेश की तीनों स्टेट पावर कंपनियों में 1501 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। भर्ती के लिए 5 नवंबर को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया है।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
इस भर्ती में द्वितीय श्रेणी के 195 पद और तृतीय-चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद शामिल हैं। सबसे अधिक 609 पद डाटा एंट्री ऑपरेटर के हैं। वहीं कनिष्ठ अभियंता इलेक्ट्रिकल के 167 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं।
इंजीनियर से लेकर मेडिकल स्टाफ तक के पद
भर्ती के तहत सहायक अभियंता के 152 पद भी शामिल हैं। इनमें मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, आईटी और सिविल शाखा के पद शामिल हैं। इसके अलावा फायर ऑफिसर, सुरक्षा अधिकारी, प्रोग्रामर, शिफ्ट केमिस्ट और कनिष्ठ अभियंता के पदों पर भी भर्ती होगी।
तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों में अटेंडेंट प्लांट, फायर अटेंडेंट, स्टेनोग्राफर, सहायक लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और रेडियोग्राफर सहित अन्य पद शामिल हैं।
अभ्यर्थियों को आवेदन ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। आवेदन शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई के जरिए किया जा सकेगा।
भर्ती विज्ञापन के अनुसार तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही पात्र होंगे। शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य जरूरी जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक भर्ती web.cspdcl.co.in विज्ञापन देख सकते हैं।



