CG Temple Theft: कोरबा में दीपावली से पहले चोरों ने मंदिरों को निशाना बनाते हुए चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। शहर के दो मंदिरों में हुई चोरी की वारदातों से लोगों में नाराजगी है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, निहारिका साडा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में देर रात करीब 12 बजकर 13 मिनट पर एक चोर घुसा। आरोपी ने मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली और मौके से फरार हो गया। चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शिव मंदिर में चोरी की घटना सामने आने के बाद कॉलोनी के लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
हनुमान मंदिर में 24 घंटे में दो बार चोरी
वहीं, सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर में चोरों ने 24 घंटे के अंदर दो बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पहली बार चोर मंदिर की दो दान पेटियां चोरी कर ले गए। इसके बाद दोबारा मंदिर में घुसकर चांदी का मुकुट भी चोरी कर लिया।
CCTV फुटेज से चोरों की तलाश
मंदिरों में चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मंदिरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
