CG News: राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि युवा आत्मविश्वास, निरंतर परिश्रम और अपनी प्रतिभा के बल पर जीवन में आगे बढ़ें। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी होना चाहिए। राज्यपाल बिलासपुर स्थित पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय के सप्तम दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।
समारोह में पिछले पांच वर्षों के 24 हजार 800 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष कैलाश चंद्र शर्मा, नेक अध्यक्ष नागेश्वर राव, कुलपति वीरेंद्र कुमार सारस्वत सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट और स्मारिका का लोकार्पण
दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की नई आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया गया। साथ ही स्मारिका ‘अभ्युदय’ का विमोचन भी हुआ। विश्वविद्यालय की ओर से एकलव्य विद्यालय देवपहरी के 311 विद्यार्थियों को बैग, स्वेटर, टिफिन और पानी की बोतलें वितरित की गईं।
शिक्षा से समाज में बदलाव लाने का संदेश
राज्यपाल ने उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता में अभिभावकों, गुरुजनों और शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षा पहुंचाने में अहम योगदान दे रहे हैं। डिजिटल तकनीक और इंटरनेट का उपयोग ज्ञान बढ़ाने के लिए करना चाहिए, लेकिन उसका संतुलित और विवेकपूर्ण उपयोग भी जरूरी है।
अपनी प्रतिभा पहचानें, तुलना से बचें
राज्यपाल ने कहा कि आज युवाओं के लिए रोजगार और करियर के कई नए अवसर उपलब्ध हैं। युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ना चाहिए। दूसरों से तुलना करने के बजाय अपनी विशेषताओं पर विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों पर अपनी इच्छाएं थोपने के बजाय उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ने में सहयोग करने की अपील की।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर भी दिया जोर
राज्यपाल ने युवाओं से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में ऐसा कार्य जरूर करें, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव आए।
उप मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज और प्रदेश के विकास में करें। उन्होंने कहा कि पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय उन विद्यार्थियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रहा है, जो किसी कारणवश नियमित पढ़ाई नहीं कर पाते। उन्होंने विश्वविद्यालय को नैक की ‘ए प्लस’ ग्रेडिंग मिलने पर भी बधाई दी।



