CG Weather Update: चक्रवाती तूफान अर्नब का असर कम होने के बाद अब मुरासु तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ का मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 3 से 4 नवंबर तक बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 2 नवंबर के लिए कांकेर, धमतरी सहित प्रदेश के 9 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 3 और 4 नवंबर को बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी
अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।
रायपुर में भी बदल रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। बीच-बीच में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश में तापमान और बारिश का हाल
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
बारिश की बात करें तो बलरामपुर में सबसे अधिक 50 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि ओरछा में 10 मिलीमीटर बारिश हुई। रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


