CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अब मौसम धीरे-धीरे बदलने लगा है। प्रदेश में दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है, जबकि सुबह और रात में ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में बुधवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल प्रदेश में बारिश या किसी अन्य मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं है।
अगले 2 दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रहेगा। इसके बाद रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ेगी, जबकि दिन में हल्की गर्मी बनी रहेगी।
अंबिकापुर सबसे ठंडा
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम पूरी तरह साफ रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम 20.6 डिग्री, जबकि जगदलपुर में अधिकतम 32.4 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसमी तंत्र नहीं है। अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि रात के तापमान में गिरावट के साथ प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने की उम्मीद है।


