CG Murder: मैंने दादी को मार डाला.. मर्डर कर दादी के शव के पास बैठा रहा पोता, खाट के पाए से सिर पर किए वार

CG Murder: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक युवक ने अपनी 65 वर्षीय दादी की खाट के पाए से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दादी उसे देर रात तक बाहर घूमने से मना करती थी। इसी बात से नाराज होकर पोते ने वारदात को अंजाम दिया।

CG Murder: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक युवक ने अपनी 65 वर्षीय दादी की खाट के पाए से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दादी उसे देर रात तक बाहर घूमने से मना करती थी। इसी बात से नाराज होकर पोते ने वारदात को अंजाम दिया।

हत्या के बाद आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और दादी के शव के पास बैठा रहा। इसके बाद उसने अपने पिता और दादी के भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम लोहर्सी के सतनामीपारा निवासी नरबदा कोशले (65) अपने पोते मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले (21) के साथ रहती थीं। उनके पति तिरिथराम का निधन हो चुका है। नरबदा का बेटा और आरोपी का पिता साजन कोशले परिवार के साथ रोजगार के लिए ऊटी गया हुआ है। घर में दादी और पोता ही रहते थे।

देर रात घूमने से रोकती थी दादी

परिजनों के अनुसार, माता-पिता के बाहर रहने के कारण बब्बू देर रात तक बाहर घूमता था। उसकी दादी उसे ऐसा करने से रोकती और गलत संगत से दूर रहने की समझाइश देती थी।

सोमवार रात भी दादी ने उसे बाहर जाने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर बब्बू ने खाट के पाए से दादी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से नरबदा की मौके पर ही मौत हो गई।

पिता को फोन कर बोला- दादी को मार डाला

वारदात के बाद आरोपी ने खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया और दादी के शव के पास बैठा रहा। उसने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। इसके बाद उसने अपने पिता साजन कोशले और दादी के भाई भगवत महिलांगे को फोन कर हत्या की जानकारी दी। आरोपी ने बताया कि दादी उसे रोज बाहर जाने से रोकती थी, जिससे परेशान होकर उसने उनकी हत्या कर दी।

परिजनों के पहुंचने पर भी नहीं खोला दरवाजा

आरोपी के पिता ने रिश्तेदारों और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई, लेकिन बब्बू ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम के पहुंचने पर आरोपी ने दरवाजा खोला और बाहर आकर पुलिस के साथ चला गया।

पचपेड़ी पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

खिड़की से देखा तो कमरे में पड़ा था बहन का शव

आरोपी का फोन मिलने के बाद भगवत महिलांगे मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो नरबदा कोशले का शव कमरे में पड़ा हुआ था। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस और डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पोते को गलत संगत से बचाना चाहती थी दादी

बताया जा रहा है कि नरबदा अपने पोते की संगत को लेकर चिंतित रहती थीं। वह उसे गलत लोगों से दूर रखने और रात में बाहर जाने से रोकती थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी का स्वभाव भी गुस्सैल बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों, पारिवारिक विवाद और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *