CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक अघोरी बाबा पर महिला की जलती चिता से हड्डियां निकालकर तंत्र साधना करने का आरोप लगा है। घटना देखकर गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने बाबा की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
परिजनों का आरोप है कि चिता से सिर और हड्डियां गायब हैं। एक बुजुर्ग ने बताया कि बाबा मंत्र पढ़ते हुए चिता पर शराब की बूंदें डाल रहा था। वहीं बाबा ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह सिर्फ वहां बैठा था और उसका इस मामले से कोई संबंध नहीं है।
वायरल वीडियो में कुछ लोग बाबा को जमीन पर घसीटते, बाल पकड़कर खींचते और लात-घूंसों से मारते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान उसके मुंह से खून निकलता भी नजर आ रहा है।
बाबा की पहचान शिवराम के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में तीन लोगों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज की गई है। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
चिता के पास मिले बाबा और अन्य लोग
जानकारी के मुताबिक, 1 नवंबर को कोनी निवासी अनिता यादव ने आत्महत्या कर ली थी। उसी दिन शाम को परिजनों ने श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया था। चिता जलाने के बाद परिवार के लोग घर लौट गए।
रात में जब परिजन चिता देखने पहुंचे तो वहां शिवराम बाबा, एक बुजुर्ग और दो युवक मिले। परिजनों को देखकर दोनों युवक मौके से भाग गए, जबकि बाबा और बुजुर्ग को पकड़ लिया गया। बुजुर्ग ने बताया कि वह शराब लेकर आया था और लोग उसे पी रहे थे।
मंत्र पढ़कर चिता पर शराब डाला
वायरल वीडियो में परिजन बुजुर्ग से पूछते नजर आ रहे हैं कि हड्डियां कौन ले गया है। इस पर बुजुर्ग ने बताया कि बाबा ने हड्डियां निकाली थीं, लेकिन उसे नहीं पता कि कहां रखी गई हैं।
बुजुर्ग ने कहा कि उसे चावल और शराब लाने के लिए कहा गया था। बाबा मंत्र पढ़ते हुए शराब की बूंदें चिता पर डाल रहा था। उसने दावा किया कि उसका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है।
जलती चिता के पास तंत्र साधना
परिजनों का आरोप है कि अंतिम संस्कार के बाद शिवराम बाबा श्मशान घाट पहुंचा और महिला की जलती चिता के साथ छेड़छाड़ करते हुए तंत्र साधना करने लगा। परिजनों का कहना है कि चिता से महिला की हड्डियां गायब हैं, जिससे नाराज होकर लोगों ने बाबा को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की।
पति समेत कई लोगों पर मारपीट का आरोप
आरोप है कि मृतका के पति गुड्डा उर्फ राजकुमार यादव समेत कुछ लोगों ने शिवराम बाबा को घेर लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। वायरल वीडियो में लोग उसे जमीन पर घसीटते और मारते दिखाई दे रहे हैं।
श्मशान में तंत्र-मंत्र के शक में युवक से मारपीट
बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र के देवनगर में इससे जुड़ा एक अन्य मामला भी सामने आया है। यहां एक युवक अपने परिचित के साथ श्मशान घाट गया था। वहां मौजूद लोगों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं और तंत्र-मंत्र करने के शक में उसके साथ मारपीट कर दी गई।
घायल युवक को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उमेश सिंह ठाकुर (32), राजा यादव (26) और नितेश यादव (23) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





