Bilaspur Suicide: बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र से दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक सनकी युवक ने पहले अपने हाथ की नस काटी और फिर धारदार हथियार से गला रेतकर खुदकुशी कर ली। युवक की लाश घर की पहली मंजिल पर बंद कमरे में खून से लथपथ हालत में मिली।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिम्स (SIMS) भेजा है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
कमरे में मिली खून से लथपथ लाश
घटना 14 अक्टूबर की बताई जा रही है। मृतक की पहचान रोहित जलतारे (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम करौद का रहने वाला था। वह बिलासपुर के उसुलापुर स्थित वसुंधरा नगर में अपने बड़े भाई, भाभी और मां के साथ रहता था।
पुलिस के मुताबिक, रोहित पहले नेहरू नगर स्थित एक दुकान में सिलाई मशीन चलाता था, लेकिन करीब एक महीने पहले उसने काम छोड़ दिया था।

मां ने उठाया, फिर ऊपर जाकर बंद कर लिया कमरा
14 अक्टूबर की दोपहर करीब 2:30 बजे उसकी मां ने उसे उठाया। इसके बाद वह ऊपर मंजिल के कमरे में चला गया और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
शाम करीब 6 बजे जब घरवाले ऊपर गए तो दरवाजा नहीं खुला। काफी कोशिश के बाद जब दरवाजा तोड़ा गया, तब अंदर रोहित की लाश खून से लथपथ हालत में मिली। उसके गले और हाथ पर धारदार हथियार के गहरे घाव थे।
गांव जाने की कर रहा था जिद
पुलिस और पड़ोसियों के मुताबिक, रोहित सनकी स्वभाव का था और पिछले कुछ समय से गांव जाने की जिद कर रहा था। वह अक्सर चिड़चिड़ा व्यवहार करता था और अकेले रहना पसंद करता था।
हालांकि, खुदकुशी के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से बयान लेकर मामले की जांच कर रही है।
