CG News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसंतपुर गोरखापाली में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान कुछ लोगों ने एक घर में तोड़फोड़ करते हुए आगजनी कर दी।
आगजनी में कई वाहन जलकर खाक
बताया जा रहा है कि आगजनी की घटना में एक ट्रैक्टर, एक पिकअप वाहन और दो मोटरसाइकिल जलकर पूरी तरह खाक हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।

जातिगत विवाद का आरोप
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि यह पूरी घटना जातिगत भावनाओं के चलते अंजाम दी गई है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को काबू में करने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
