CG Fire: न्यायधानी बिलासपुर में मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास में रविवार रात भीषण आग लग गई। आग लगने से आवास में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग मौजूद थे। धुएं और आग की लपटों से घबराकर कुछ महिलाओं और बच्चों ने जान बचाने के लिए पहली और दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इस दौरान एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
आग की चपेट में आईं 6 बाइकें जलीं
जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र के मुक्तिधाम के पास बने अटल आवास के ग्राउंड फ्लोर में रविवार देर रात आग लगी। आग तेजी से फैल गई और बाहर खड़ी करीब 6 बाइकें जलकर खाक हो गईं।
आग और धुएं को देखकर आवास में रहने वाले लोगों में डर का माहौल बन गया। कई लोग बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन धुएं के कारण कुछ लोग अंदर ही फंस गए। इसके बाद आसपास के लोगों ने रस्सी और कपड़ों की मदद से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रस्सी के सहारे किया गया रेस्क्यू
आग लगने के बाद आवास में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। छत पर मौजूद लोगों को रस्सी के सहारे नीचे उतारा गया। इस दौरान करीब 75 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। सरकंडा पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
