CG Garba: नवरात्रि के मौके पर दुर्ग जिले में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। पद्मनाभपुर स्थित हॉकी ग्राउंड में आयोजित गरबा नाइट में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और आयोजकों के बीच झूमाझटकी और मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व महापौर और दुर्ग शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल की ओर से दो दिवसीय गरबा नाइट कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में फिल्मी गाने बजाने और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी को लेकर विरोध जताया।
वायरल वीडियो में बजरंग दल के जिला संयोजक रामलोचन तिवारी मंच पर पहुंचकर माइक से विरोध करते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान आयोजकों और उनके बीच विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में झूमाझटकी हो गई।
वीडियो में रामलोचन तिवारी कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि गरबा मां दुर्गा की आराधना का पर्व है। उन्होंने कार्यक्रम में फिल्मी गाने नहीं बजाने और आयोजन में आने वाले लोगों को लेकर आपत्ति जताई।
विरोध के दौरान आयोजकों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं के बीच बहस के बाद मारपीट की स्थिति बन गई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने लगा।
मामले को लेकर आयोजकों की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

