CG News: जशपुर जिले के लोगों को यातायात सुविधा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर जिला मुख्यालय जशपुरनगर में 11 करोड़ 83 लाख 62 हजार रुपये की लागत से हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए स्वीकृति मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया जारी है।
करीब तीन एकड़ क्षेत्र में बनने वाला यह आधुनिक बस टर्मिनल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। नए बस स्टैंड के बनने से शहर की परिवहन व्यवस्था को भी नया स्वरूप मिलेगा। लंबे समय से आधुनिक बस स्टैंड की मांग कर रहे जिलेवासियों के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
लगभग 40 बसों के ठहराव की होगी व्यवस्था
जशपुरनगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार परिसर में हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित है। यहां एक साथ 35 से 40 बसों के खड़े होने की सुविधा होगी। इससे बसों के संचालन और ठहराव को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
जशपुर जिला मुख्यालय का बस स्टैंड जिले के प्रमुख परिवहन केंद्रों में शामिल है। यहां प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का संचालन होता है और हजारों यात्री सफर करते हैं। जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अलावा झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों के लिए भी बस सेवाएं संचालित होती हैं।
मिलेंगी आधुनिक यात्री सुविधाएं
प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इसमें यात्री प्रतीक्षालय, वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, लिफ्ट, आधुनिक शौचालय और डिजिटल सूचना स्क्रीन जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
बस स्टैंड परिसर में करीब 40 दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे यात्रियों को आवश्यक सामान और सेवाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। साथ ही स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का संपर्क होगा मजबूत
जशपुरनगर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और सरकारी कामों के लिए पहुंचते हैं। आधुनिक बस स्टैंड बनने से इन यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।
बसों के व्यवस्थित संचालन से शहर की यातायात व्यवस्था में भी सुधार आने की उम्मीद है। नए बस टर्मिनल से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा और दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
कुनकुरी और पत्थलगांव में भी बनेंगे आधुनिक बस स्टैंड
जशपुर जिले में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने के लिए अन्य क्षेत्रों में भी काम किया जा रहा है। जशपुरनगर के अलावा कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड निर्माण की स्वीकृति दी जा चुकी है।
इसके साथ ही बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड निर्माण कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा और परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी।

