CG Double Murder: राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में जादू-टोने के शक में मां-बेटे की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिवार के ही लोगों ने घर में घुसकर कमला सोनकर और उनके बेटे खुमेन्द्र सोनकर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बलीराम सोनकर की पत्नी केशर बाई को शक था कि उनके देवर सुखी सोनकर की पत्नी कमला सोनकर जादू-टोना करती है। उन्हें आशंका थी कि इसी वजह से उनके परिवार के लोग बीमार हो रहे हैं। इसी शक के चलते विवाद बढ़ा और हमला करने की बात सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में केशर बाई और उसके दो बेटों हेमंत सोनकर और सोनू सोनकर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और बाइक भी बरामद की गई है।
घर में घुसकर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, कमला सोनकर का परिवार चौथना गांव में रहता था और सब्जी बेचने का काम करता था। 9 अक्टूबर की रात आरोपी उनके घर पहुंचे और हमला कर दिया। हमले में कमला सोनकर और उनके बेटे खुमेन्द्र सोनकर की मौत हो गई, जबकि बेटी ममता गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के समय कमला के पति घर से बाहर थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल ममता को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया।
घर पर मिले मां-बेटे के शव
बताया गया कि सुखी सोनकर जब घर पहुंचे तो अंदर पत्नी कमला और बेटे खुमेन्द्र के शव मिले। वहीं बेटी ममता घायल हालत में पड़ी थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच टीम गठित की। घटनास्थल से मिले सबूतों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को परिवार के ही लोगों पर शक हुआ।
पुलिस ने हेमंत सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसके भाई सोनू सोनकर और मां केशर बाई की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सबूत मिटाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उन्होंने घटना के समय पहने कपड़े और हथियार के लकड़ी के बेंट को जलाने का प्रयास किया था। पुलिस ने इनसे जुड़े अवशेष भी बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में हत्या के साथ-साथ सबूत मिटाने और साजिश से जुड़े प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। मामले की आगे जांच जारी है।




