जांजगीर-चांपा .CG Breaking: जिले के भैंसतरा गांव से दुखद खबर सामने आई है। शनिवार दोपहर गांव के चार मासूम बच्चे स्कूल से लौटने के बाद डाबरी में नहाने गए थे। नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से चारों की डूबकर मौत हो गई।
मृत बच्चों में तीन लड़कियां और एक लड़का शामिल है। इनकी उम्र 5 से 8 साल के बीच बताई जा रही है। मृतक बच्चों के नाम पुष्पांजली श्रीवास (8 साल), तुषार श्रीवास (5 साल), ख्याति केंवट (6 साल) और अंबिका यादव (6 साल) हैं।
बताया जा रहा है कि बच्चे स्कूल से लौटकर घर में बैग रखकर खाना खाए और फिर खेलने निकल गए थे। खेलने के दौरान डाबरी पहुंचे और नहाने लगे। इसी दौरान सभी गहरे पानी में चले गए।
जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने ढूंढना शुरू किया। डाबरी के पास बच्चों के कपड़े मिले तो अनहोनी का शक हुआ। डाबरी में तलाश करने पर सभी बच्चों को बाहर निकाला गया।
सभी को बलौदा सीएचसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बलौदा थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। गांव में घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
