CG Congress Protest: आज कांग्रेस का सत्याग्रह, हल्द्वानी घटना के विरोध में प्रदेशभर में प्रदर्शन

congress

CG Congress Protest: हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली स्थल के कथित शुद्धिकरण की घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कांग्रेस आज प्रदेशभर में जिला स्तरीय मार्च और सत्याग्रह करेगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला, शहर, नगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के साथ मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठों को कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला स्तर पर होगा मार्च और सत्याग्रह

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी निर्देश के अनुसार 14 अगस्त की शाम प्रदेशभर में विशाल मार्च और सत्याग्रह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कांग्रेस अध्यक्ष के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है।

 

हल्द्वानी की घटना का विरोध

कांग्रेस के अनुसार हाल ही में हल्द्वानी में आयोजित पार्टी की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल पर एक हिंदू राइट विंग संगठन द्वारा गंगाजल से कथित शुद्धिकरण किया गया। कांग्रेस का दावा है कि मंच पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी के कारण स्थल को कथित तौर पर अपवित्र बताया गया और उसके बाद शुद्धिकरण किया गया।

कांग्रेस ने इस घटना को लेकर जताई आपत्ति

कांग्रेस ने इस घटना को शर्मनाक और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया है। पार्टी का कहना है कि यह केवल कांग्रेस अध्यक्ष का नहीं, बल्कि समानता, सामाजिक न्याय, बंधुत्व और मानवीय गरिमा जैसे संवैधानिक मूल्यों का भी अपमान है।

भेदभावपूर्ण सोच का लगाया आरोप

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस घटना को भाजपा की कथित विभाजनकारी मानसिकता का प्रतीक बताया है। पार्टी का कहना है कि संविधान से संचालित लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस प्रकार की भेदभावपूर्ण सोच के लिए कोई स्थान नहीं है।

संवैधानिक मूल्यों के समर्थन में प्रदर्शन

कांग्रेस ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और मोर्चा संगठनों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। पार्टी के अनुसार मार्च और सत्याग्रह के माध्यम से हल्द्वानी की घटना का विरोध दर्ज कराया जाएगा और सामाजिक समानता, सम्मान, बंधुत्व तथा संवैधानिक मूल्यों के समर्थन में आवाज उठाई जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *