जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। बलोदा थाना क्षेत्र के भैंसतरा गांव में तालाब में डूबने से चार मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चियां और एक बच्चा शामिल हैं। चारों की उम्र 5 से 8 साल के बीच बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, भैंसतरा गांव के चार बच्चे पुष्पांजलि श्रीवास (8), तुषार श्रीवास (5), ख्याति केंवट (6) और अंबिका यादव (6) शनिवार दोपहर 12 से 1 बजे के बीच स्कूल से लौटे। चारों बच्चे घर पर बैग रखकर खाना खाने के बाद खेलने के लिए निकले। इसके बाद वे पास के तालाब में नहाने चले गए। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण चारों बच्चे डूब गए।
तीन अलग-अलग परिवारों के थे बच्चे
मरने वालों में एक भाई-बहन की जोड़ी भी है। सभी बच्चे नहाने के लिए तालाब में गए थे। थोड़ी देर बाद जब बच्चे नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से चारों शव तालाब से निकाले गए।
घटना के बाद गांव में पसरा मातम
हादसे की खबर फैलते ही पूरा गांव स्तब्ध हो गया। तीन परिवारों में कोहराम मच गया, माताएं बेहोश हो गईं, परिजन बेसुध हैं। मौके पर पहुँची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बलोदा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
