Balodabazar Accident: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के भाटापारा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भाटापारा से नारायणपुर मार्ग पर लक्ष्मी अपार्टमेंट के पास हुआ, जब एक ही बाइक पर सवार चार युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए और उसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रक की चपेट में आ गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक का नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ।

CCTV से मिलेंगे सुराग
दुर्घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि बाइक पर नंबर न होने की वजह से जांच में कठिनाई हो रही है। हालांकि, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि बाइक सवार किस दिशा से आ रहे थे और हादसे का वास्तविक कारण क्या था।

