Raipur Fake Note: राजधानी के दलदल सिवनी स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक शाखा में पैसे जमा कराने पहुंची एक महिला के पास से 50 रुपये के 25 नकली नोट मिले हैं। बैंककर्मियों की जांच में नोटों में सुरक्षा फीचर नहीं पाए जाने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मामले में महिला के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, दलदल सिवनी स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक शाखा की मैनेजर संजय मिश्रा ने पंडरी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 12 नवंबर को खाताधारक जानकी वराठे अपने खाते में 12,350 रुपये जमा कराने पहुंची थी।
महिला ने कैश काउंटर पर 50 और 100 रुपये के नोट जमा करने के लिए दिए थे। बैंककर्मियों ने उपलब्ध जांच मशीन और यूवी लैंप से नोटों की जांच की। इस दौरान 50 रुपये के 25 नोट नकली पाए गए।
बैंक ने पुलिस को दी सूचना
बैंक मैनेजर संजय मिश्रा ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशों के अनुसार, एक ही लेनदेन में चार से अधिक नकली नोट मिलने पर एफआईआर दर्ज कराना अनिवार्य है। इसी प्रक्रिया के तहत बैंक की ओर से पंडरी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 179 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
