Raipur Accident: कार-ट्रैक्टर की भीषण टक्कर, पुलिसकर्मी समेत 2 की मौत; स्कूटी की टक्कर से बुजुर्ग ने तोड़ा दम

Raipur Accident: छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। रायपुर जिले के खरोरा में कार और ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत में एक पुलिसकर्मी समेत दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बिलासपुर में तेज रफ्तार स्कूटी की टक्कर से घायल बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

खरोरा में कार और ट्रैक्टर की भिड़ंत

खरोरा थाना क्षेत्र के बंगोली गांव के पास देर रात यह हादसा हुआ। कार में सिलतरा थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी कमलेश वर्मा, रूपेश निषाद और गोपी सवार थे। तीनों तर्रा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और खरोरा से रायपुर की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर से कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और कार में फंस गया।

घायल का अस्पताल में इलाज जारी

स्थानीय लोगों ने घायल को कार से बाहर निकालकर दौंदेकला स्थित लक्ष्मीनारायण अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

बिलासपुर में स्कूटी की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में नूतन चौक के पास सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय धांधू कुर्मी को तेज रफ्तार स्कूटी ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सिर के बल सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल बुजुर्ग को सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्कूटी सवार मौके से फरार हो गए।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

सरकंडा थाना पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर स्कूटी और फरार युवकों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *