CG Navratri Traffic Plan: नवरात्र में ट्रैफिक संभालेंगे 200 जवान, 5 पेट्रोलिंग गाड़ियां रहेंगी तैनात; गायत्री मंदिर से बस स्टैंड तक नो व्हीकल जोन

CG Navratri Traffic Plan: शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है। मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार नवरात्र के दौरान यातायात व्यवस्था संभालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी।

CG Navratri Traffic Plan: शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है। मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार नवरात्र के दौरान यातायात व्यवस्था संभालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी।

पिछले साल आई बाढ़ के कारण बाईपास पुल टूट गया था, जिससे चितालंका-बचेली मार्ग अभी बंद है। ऐसे में भारी वाहन, यात्री बसें, अन्य वाहन और पैदल श्रद्धालुओं को एक ही मुख्य मार्ग से आवाजाही करनी होगी। इससे नवरात्र के दौरान सड़क पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।

इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने करीब 150 से 200 जवानों की तैनाती की तैयारी की है। इसके अलावा 5 पेट्रोलिंग गाड़ियां लगातार निगरानी करेंगी। जिला मुख्यालय में तीन अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।

Danteshwari Mandir

गायत्री मंदिर चौक से बस स्टैंड तक नो व्हीकल जोन

श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए गायत्री मंदिर चौक से बस स्टैंड तक के क्षेत्र को नो व्हीकल जोन बनाया गया है। जरूरत पड़ने पर भीड़ के अनुसार वन-वे व्यवस्था भी लागू की जा सकती है।

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि श्रद्धालुओं के वाहनों को व्यवस्थित रखने के लिए पार्किंग स्थलों को चिन्हित किया गया है। सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

3 जगहों पर होगी पार्किंग व्यवस्था

नवरात्र के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए देवभोग के पास मैदान, हाईस्कूल ग्राउंड और कटेकल्याण मार्ग पर तेंदूपत्ता गोदाम के पास जगह तय की गई है।

इसके अलावा दोपहिया वाहनों के लिए अग्रवाल मार्ट के पीछे भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पहले कर्मा जी की प्रतिमा के पास मोटरसाइकिल पार्क की जाती थीं। इस बार सड़क पर भीड़ कम करने के लिए अतिरिक्त पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं।

टोइंग गाड़ी भी रहेगी तैनात

ट्रैफिक पुलिस ने सड़क किनारे वाहन खड़े करने की समस्या से निपटने के लिए टोइंग गाड़ी की व्यवस्था भी की है। नियमों का उल्लंघन कर सड़क पर खड़े वाहनों को हटाकर पार्किंग स्थल तक पहुंचाया जाएगा।

ट्रैफिक डीएसपी नसर सिद्दीकी ने बताया कि वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं होने के बावजूद कोशिश रहेगी कि पार्किंग और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *