Raipur News: रायपुर में 9 अक्टूबर को कंवर समाज की ओर से करम परब महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। राजधानी के इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसे लेकर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपा।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज के युवा प्रभाग, महानगर इकाई रायपुर द्वारा आयोजित इस महोत्सव के लिए प्रदेश अध्यक्ष हरवंश सिंह मिरी के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से कार्यक्रम में शामिल होकर समाज के लोगों का उत्साह बढ़ाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए महोत्सव में शामिल होने की सहमति दी। उनकी सहमति पर समाज के पदाधिकारियों ने खुशी जाहिर करते हुए आभार व्यक्त किया।
करम परब आदिवासी समाज का प्रमुख पर्व है, जो प्रकृति के प्रति आस्था, समृद्ध संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों का प्रतीक माना जाता है। रायपुर में आयोजित इस महोत्सव में कंवर समाज की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के पदाधिकारी, युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे।

