Raipur News: कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर सड़क के बीच पशुओं को बैठे देखकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नाराजगी जताई। कवर्धा जाते समय मंगलवार देर रात बेमेतरा टोल प्लाजा के पास उन्होंने अपना वाहन रुकवाया और अधिकारियों से हाइवे पेट्रोलिंग व्यवस्था की जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने अधिकारियों से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार हाइवे पेट्रोलिंग वाहन द्वारा किए जा रहे निरीक्षण की जानकारी मांगी। अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोलिंग वाहन लगातार मार्ग की निगरानी कर रहा है।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने हाइवे पेट्रोलिंग वाहन को मौके पर बुलवाया और अब तक किए गए पशु रेस्क्यू अभियान, नियमित निरीक्षण और अन्य कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कवर्धा से बेमेतरा मार्ग के आसपास आने वाले गांवों के लोगों से भी पेट्रोलिंग व्यवस्था की जानकारी ली जाए।
सड़क पर पशुओं की मौजूदगी को लेकर उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि हाइवे पर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। सड़क पर बैठे या घूम रहे पशुओं को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़क पर पशुओं के रहने से उनकी जान को खतरा रहता है। साथ ही वाहन चालकों और यात्रियों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर रात के समय कम रोशनी के कारण हादसों का खतरा और बढ़ जाता है।
विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेट्रोलिंग टीम लगातार मार्ग का निरीक्षण करे और सड़क पर पशु मिलने पर तुरंत कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और गौवंश की रक्षा के काम में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

