Raipur News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जाएगा और न ही चौक के मूल स्वरूप में कोई बदलाव किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने कहा कि लोगों को इस मामले में भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। तेलीबांधा चौक का नाम पहले की तरह ही रहेगा, इसे केवल सेवा संकल्प की भावना के अनुसार विकसित किया जाएगा।
सीएम साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वे दुर्ग में आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं। कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त भी जारी की जाएगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
ईवीएम और चुनाव आयोग के विरोध को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपना विश्वास खो चुकी है और लगातार कमजोर हो रही है। चुनाव हारने के बाद कांग्रेस ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है, लेकिन जब उनके नेता और प्रत्याशी उसी ईवीएम से चुनाव जीतते हैं तो कोई विरोध नहीं करते।
अवैध धर्मांतरण पर सख्त कार्रवाई की बात
धर्मांतरण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अवैध तरीके से धर्मांतरण रोकने के लिए कड़े कानून बनाए गए हैं। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नाना पाटेकर के निधन पर जताया दुख
अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर बेहतरीन कलाकार थे और उनका अभिनय लोगों को काफी पसंद आता था। फिल्म जगत के लिए उनका निधन बड़ी क्षति है।
