CG Acid Attack: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लव प्रपोजल ठुकराने से नाराज युवक ने अपने दोस्त के जरिए 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक करवा दिया। वारदात उस समय हुई जब छात्रा आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। हमले में छात्रा का चेहरा, आंख के आसपास का हिस्सा और शरीर का दाहिना भाग बुरी तरह झुलस गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। (बालोद एसिड अटैक)
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी पहले छात्रा के साथ कोचिंग में पढ़ता था। उसने छात्रा को प्रेम प्रस्ताव दिया था, लेकिन इनकार मिलने के बाद उसने बदला लेने की योजना बनाई। आरोपी ने अपने बचपन के दोस्त को बालोद बुलाया और उसी से छात्रा पर एसिड फिंकवाया।
हमले से पहले कराई दोस्त की शादी (Balod Acid Attack)
जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी ने घटना से कुछ दिन पहले अपने दोस्त को भैरमगढ़ से बालोद बुलाया था। दोस्त अपनी महिला मित्र के साथ आया था। पुलिस के मुताबिक, एसिड अटैक से पहले कमरौद में आरोपी ने अपने दोस्त की महिला मित्र की मांग भरकर दोनों की कथित शादी कराई। इसके बाद छात्रा की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया गया।
सुंदरता बिगाड़ने की नीयत से बनाया था प्लान
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी ने अपने दोस्त को एसिड की बोतल देते हुए कहा था कि छात्रा को अपनी सुंदरता पर घमंड है, इसलिए उसका चेहरा इस तरह जला देना कि वह पहचान में न आए। इसके बाद आरोपी ने छात्रा की गतिविधियों पर नजर रखी और लाइब्रेरी से लौटते समय हमला कराया।
चीख-चीख रोती रही छात्रा (Balod girl Acid Attack Case)
एसिड पड़ते ही छात्रा दर्द से चीखने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार छात्रा का चेहरा, आंख के आसपास का हिस्सा और शरीर का दाहिना भाग गंभीर रूप से झुलसा है।
कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें हमलावर भागता हुआ दिखाई दिया। मुख्य आरोपी को बालोद स्थित उसके किराए के मकान से गिरफ्तार किया गया, जबकि हमला करने वाले युवक को कोंडागांव से महिंद्रा बस में पकड़ लिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
जनप्रतिनिधियों ने जाना हाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा रायपुर पहुंचकर छात्रा से मिलीं और उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने भी आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।








