CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई का दौर जारी है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अब बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं। मंगलवार 6 अक्टूबर को एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।
अगले 2 दिन हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। हालांकि अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य रहने और बारिश की गतिविधियां कम रहने के आसार हैं।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म
बारिश में कमी आने के कारण प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सोमवार को सबसे अधिक 35 डिग्री सेल्सियस तापमान राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में 34.4 डिग्री, पेंड्रा रोड में 33.8 डिग्री, बिलासपुर में 33.6 डिग्री और दुर्ग में 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
वहीं रात का सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पेंड्रा रोड में 19.8 डिग्री और दुर्ग में 21.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मानसून की वापसी जारी
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी लगातार आगे बढ़ रही है। अगले दो से तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए मौसम अनुकूल बना रहेगा। इसके साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और कम होने की संभावना है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में मंगलवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिन में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि सुबह और रात का मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहेगा।


