Raipur Job Fair: छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा। (रायपुर रोजगार मेला)
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य और कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस रोजगार मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के 8 हजार से अधिक पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
विभिन्न उद्योग और निजी संस्थान होंगे शामिल
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव डॉ. बसवराजू एस. ने बताया कि रोजगार मेले में प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी संस्थानों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इससे युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी मिल सकेगी और वे अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा
इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्राप्त कर रोजगार मेले के लिए अपना पंजीयन करा सकते हैं। रोजगार मेले में चयनित युवाओं को कार्यक्रम के दौरान ऑफर लेटर भी प्रदान किए जाने की तैयारी की गई है।
युवाओं तक पहुंचाई जा रही जानकारी
रोजगार मेले में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। संबंधित विभागों और जिलों को भी युवाओं तक रोजगार मेले की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य शासन द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थानों एवं उद्योगों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। शासन ने आयोजन को सफल बनाने तथा अधिकाधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इन कंपनियों में मिलेगी नौकरी (Raipur rojgar mela)
रोजगार मेले के लिए क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट सहित कई कंपनियों ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं।
विभाग की ओर से अन्य कंपनियों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है। युवाओं से अपनी प्रोफाइल अपडेट कर जल्द आवेदन करने की अपील की गई है।
8 अक्टूबर को मिलेगा ऑफर लेटर
रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को ऑफर लेटर देने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मौजूदगी रहने की संभावना है।
युवाओं से अवसर का लाभ लेने की अपील
कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है।
ई-रोजगार पोर्टल पर कर सकेंगे आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देखकर अपनी योग्यता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल https://www.erojgar.cg.gov.in/ के माध्यम से नियोजक अभ्यर्थियों की प्रोफाइल के आधार पर चयन प्रक्रिया भी पूरी कर सकेंगे।



