CG Youth Award: युवा रत्न सम्मान के लिए 30 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

CG Youth Award: खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से प्रदेश के युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों को प्रोत्साहित करने के लिए युवा रत्न सम्मान योजना संचालित की जा रही है। सामाजिक-सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं और संगठनों को इस सम्मान के माध्यम से राज्य स्तर पर पहचान दी जाएगी। इसके लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

गरियाबंद। CG Youth Award: खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से प्रदेश के युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों को प्रोत्साहित करने के लिए युवा रत्न सम्मान योजना संचालित की जा रही है। सामाजिक-सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं और संगठनों को इस सम्मान के माध्यम से राज्य स्तर पर पहचान दी जाएगी। इसके लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

इन क्षेत्रों में मिलेगा सम्मान

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार युवा रत्न सम्मान के तहत सामाजिक कार्य, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, कला एवं संगीत और लोककला जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों का चयन किया जाएगा।

असाधारण एवं विशिष्ट सेवा कार्य के लिए एक युवा और एक स्वैच्छिक संगठन को सम्मानित किया जाएगा। इसमें युवा को 2 लाख 50 हजार रुपए और संगठन को 5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

प्रत्येक क्षेत्र में चयनित एक युवा को 1 लाख रुपए की पुरस्कार राशि के साथ पदक, प्रमाण पत्र और शॉल प्रदान किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास क्षेत्र का युवा रत्न सम्मान केवल महिलाओं और बालिकाओं को दिया जाएगा।

आवेदन के लिए यह पात्रता जरूरी

युवा रत्न सम्मान के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना जरूरी है। साथ ही उसकी आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। जिस वित्तीय वर्ष के लिए पुरस्कार दिया जाना है, उसके 1 अप्रैल को आवेदक की आयु 15 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए और 31 मार्च तक आयु 29 वर्ष से कम होनी चाहिए। एक श्रेणी का युवा रत्न सम्मान किसी व्यक्ति, संगठन या संस्था को एक से अधिक बार नहीं दिया जाएगा।

यहां जमा करें आवेदन

युवा रत्न सम्मान योजना के लिए इच्छुक युवा और संगठन 30 अक्टूबर 2026 तक कार्यालयीन समय में कार्यालय कलेक्टर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला गरियाबंद में आवेदन जमा कर सकते हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *