CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी शुरू, उमस और बढ़ी गर्मी; 2 दिन बाद हल्की बारिश के आसार

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अब बारिश का दौर लगभग समाप्त हो गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने से दिन के समय तेज धूप, गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां कम रहेंगी, हालांकि इसके बाद कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

आज प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। रायपुर में दिनभर मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह और रात के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहेगा, जबकि दोपहर में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर में रात सबसे ठंडी

पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। पेंड्रा रोड में भी रात का तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिलासपुर और दुर्ग में भी बढ़ा तापमान

बिलासपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस, दुर्ग में 33.5 डिग्री सेल्सियस, जगदलपुर में 32.6 डिग्री सेल्सियस और माना एयरपोर्ट क्षेत्र में 33.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप के कारण अधिकांश जिलों में गर्मी का असर बना रहा।

मानसून की वापसी शुरू

मौसम विभाग के अनुसार 4 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से भी मानसून की विदाई के लिए मौसम अनुकूल रहने की संभावना है।

बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होंगी, लेकिन अगले दो दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *