Narayanpur IED blast: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में स्थित निको जायसवाल लौह अयस्क खदान (Niko Jaiswal Iron Ore Mine) में आज नक्सलियों ने IED (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) ब्लास्ट कर दहशत फैला दी। इस धमाके की चपेट में आने से वहां काम कर रहे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
बता दें, हादसे के तुरंत बाद दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छोटेडोंगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान एक मजदूर दिलीप ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल मजदूर हरेंद्र का इलाज जारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर में संचालित निको जायसवाल लौह अयस्क खदान (Niko Jaiswal Iron Ore Mine) के “जीरो पॉइंट” पर सुबह करीब 10 बजे नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED में विस्फोट हो गया। उस समय दोनों मजदूर वहीं काम कर रहे थे, जिसकी वजह से वे सीधे IED blast की चपेट में आ गए और बुरी तरह घायल हो गए।
इस हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर इलाके को घेर लिया है और तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। नक्सलियों द्वारा किए गए इस कायराना हमले ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
