Raipur News: छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद को लेकर आज नई दिल्ली में अहम बैठक होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में दोनों राज्यों के बीच जल बंटवारे और संबंधित मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी शामिल होंगे।
दोनों सरकारें मानेंगी फैसला
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महानदी जल विवाद के संबंध में केंद्रीय जल आयोग (CWC) को पत्र भेजा गया है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसे छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सरकारें स्वीकार करेंगी।
महानदी के जल बंटवारे पर होगी चर्चा
बैठक में महानदी के जल बंटवारे, नदी के बेहतर प्रबंधन और दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद के समाधान पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। केंद्र सरकार इस मामले में आपसी सहमति के जरिए समाधान निकालने का प्रयास कर रही है।
सिंगापुर दौरे पर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने प्रस्तावित सिंगापुर दौरे को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह दौरा छत्तीसगढ़ में निवेश आकर्षित करने और राज्य की विकास संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
उन्होंने बताया कि सिंगापुर में निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर औद्योगिक निवेश, कौशल विकास, नई तकनीक और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस दौरे से प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।



