CG Ambulance Accident: बेमेतरा-कवर्धा नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार रात कन्हेरा गांव के पास ट्रक और एंबुलेंस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की मौत इलाज के दौरान जिला अस्पताल बेमेतरा में हुई। घटना खंडसरा चौकी क्षेत्र की है।
टक्कर की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
शव छोड़कर रायपुर लौट रही थी एंबुलेंस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एंबुलेंस क्रमांक सीजी 04 पीआर 4622 रायपुर के एक निजी अस्पताल की बताई जा रही है। बताया गया कि एंबुलेंस कवर्धा क्षेत्र के एक गांव में शव छोड़ने के बाद रायपुर वापस लौट रही थी।
वहीं, ट्रक तिल्दा से चावल खाली कर कवर्धा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कन्हेरा गांव के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
एंबुलेंस से जुड़े थे दोनों मृतक
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोग एंबुलेंस से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। हालांकि मृतकों की पहचान और दुर्घटना के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद खंडसरा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों वाहनों की स्थिति, चालक की लापरवाही और हादसे के अन्य कारणों की जांच कर रही है।


